वाराणसी। देवाधिदेव महादेव की नगरी काशी में आध्यात्मिक ऊर्जा और सनातन संस्कृति के संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए सामूहिक रुद्राभिषेक पीठ, काशी की अहम बैठक सारनाथ स्थित ब्रह्मा कुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय परिसर में संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 25 अगस्त को 501 परिवारों की सहभागिता के साथ आयोजित होने वाले भव्य सामूहिक रुद्राभिषेक की तैयारियों को अंतिम रूप देना और आयोजन की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा करना था।
बैठक का शुभारंभ ब्रह्मा कुमारी संस्थान की बहनों द्वारा अतिथियों का तिलक, अंगवस्त्र एवं आत्मीय सम्मान कर किया गया। आध्यात्मिक वातावरण में आरंभ हुए इस आयोजन ने उपस्थित सभी श्रद्धालुओं और पदाधिकारियों को नई ऊर्जा और उत्साह से भर दिया।
कार्यक्रम को मुख्य संयोजक राहुल सिन्हा, अध्यक्ष विनोद शर्मा, सचिव गजेन्द्र सिंह, कोषाध्यक्ष हरिशंकर सिन्हा, सारनाथ क्षेत्र के पार्षद अभय पांडेय तथा काशी शिव बारात के अध्यक्ष दिलीप सिंह ने संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने कहा कि सामूहिक रुद्राभिषेक केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज को आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता के सूत्र में पिरोने का एक पावन अभियान है।
ब्रह्मा कुमारी संस्थान की ओर से दीपेन्द्र भाई, विपिन भाई, बहन राधिका एवं बहन तापोशी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधनों से उपस्थित जनसमूह में आध्यात्मिक चेतना का संचार किया। उन्होंने सकारात्मक चिंतन, आत्मिक शांति और सेवा भावना को जीवन का आधार बनाने का संदेश दिया।
बैठक में एम.एन. पांडेय, नीरज चौबे, आशुतोष अग्रहरि, आलोक पांडेय, पवन कुमार सिंह, जनार्दन पांडेय, जयजीत कुशवाहा, श्यामा सिंह, साधना अग्रहरि सहित कार्यकारिणी के सभी सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन सचिव गजेन्द्र सिंह ने किया।
