Khan Sir News: फायरिंग केस में घिरे खान सर, आज पटना कोर्ट में कर सकते हैं सरेंडर! एंकर विवाद के बाद फिर सुर्खियों में फैसल खान

Khan Sir Controversy: FIR के बाद बढ़ी मुश्किलें, बिहार पुलिस कर रही तलाश

पटना के चर्चित शिक्षक और खान ग्लोबल स्टडीज के संस्थापक फैसल खान उर्फ खान सर एक बार फिर विवादों के केंद्र में हैं। हाल ही में एक टीवी चैनल के एंकर द्वारा शिक्षकों को “दो कौड़ी का” बताए जाने पर खान सर ने खुलकर विरोध दर्ज कराया था और संबंधित एंकर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। अब फायरिंग और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद नई बहस छिड़ गई है। कई लोग इन दोनों घटनाओं को जोड़कर भी देख रहे हैं, हालांकि पुलिस जांच अभी जारी है।

फायरिंग मामले में दर्ज हुई FIR, गिरफ्तारी की आशंका तेज

पटना में दो कोचिंग संस्थानों के बीच शुरू हुआ विवाद अब कानूनी मोड़ ले चुका है। खान ग्लोबल स्टडीज परिसर में हुई तोड़फोड़ और उसके बाद सामने आए फायरिंग के वीडियो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी मामले में फैसल खान उर्फ खान सर के खिलाफ आर्म्स एक्ट और हत्या की कोशिश (Attempt to Murder) जैसी गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एफआईआर दर्ज होने के बाद से बिहार पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।

आज पटना कोर्ट में सरेंडर कर सकते हैं खान सर

सूत्रों के अनुसार, शनिवार को खान सर पटना की अदालत में सरेंडर कर सकते हैं। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद से वह अपने कोचिंग संस्थान में मौजूद नहीं हैं और पुलिस उनकी लोकेशन का पता लगाने का प्रयास कर रही है। एहतियातन कोचिंग सेंटर के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

वायरल वीडियो के बाद हुई कार्रवाई, दो सुरक्षा गार्ड गिरफ्तार

मामले ने तब नया मोड़ लिया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कथित तौर पर फायरिंग की घटना दिखाई दी। वीडियो के सत्यापन के बाद पुलिस ने खान ग्लोबल स्टडीज से जुड़े दो सुरक्षा गार्डों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार गार्डों के बयान और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना में इस्तेमाल हथियारों को भी जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

छात्रों से पुलिस की अपील, अफवाहों से बचने की सलाह

पटना पुलिस ने छात्रों और अभिभावकों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि कोचिंग संस्थानों की प्रतिस्पर्धा के बीच किसी के बहकावे में आकर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश न करें। इससे पहले खान ग्लोबल स्टडीज पर पथराव और तोड़फोड़ के मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के निदेशक समेत तीन लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। पुलिस का दावा है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *